उत्तराखंडटिहरीदेहरादून

मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में क्वीली-पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हुए एकजुट

मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में क्वीली-पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हुए एकजुट

 

मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में क्वीली-पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एकजुट

ग्रामीण क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन

NEWS24DAILY

गजा, 29 जुलाई। विकासखंड फकोट की पट्टी क्वीली एवं पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक चाका में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान संगठन अध्यक्ष नरेंद्रनगर विनय रणाकोटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जिला मेडिकल कॉलेज केवल एक स्वास्थ्य संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक विकास का सशक्त माध्यम बनेगा। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि नगर क्षेत्रों में अपेक्षाकृत अधिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि क्वीली, पालकोट, धारक्रिया , मखलोगी, पौड़ीखाल सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आज भी बेहतर उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगी।

बैठक में फिपल्टी, भासौं एवं पलाम क्षेत्र में प्रस्तावित जिला मेडिकल कॉलेज की स्थापना के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से नरेंद्रनगर, टिहरी और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ चार से अधिक पट्टियों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है तथा इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने कहा कि प्रस्तावित स्थल तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मध्य स्थित है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार एवं आधारभूत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा

बैठक को भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान, गिरीश बंठवान तथा पूर्व प्रधान दिनेश उनियाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में क्षेत्रवासियों से एकजुट होकर सकारात्मक प्रयास करने का आह्वान किया।

बैठक में सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जो प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के समर्थन में जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाएगी। साथ ही निर्णय लिया गया कि समिति का विस्तार कर अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल किया जाएगा।

बैठक के अंत में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज स्थापना की पहल के लिए सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में प्रधान भगवान सिंह रावत,धन सिंह सजवाण,मंजू रावत, गीता चौहान,दिनेश प्रसाद,रजनी गुसाईं, निर्मला पंवार, अमिता देवी, मुकेश विजल्वाण, मंगेश उनियाल, कांता रावत, गणेश भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख ईश्वरी विजल्वाण, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्योति पंत, पूर्व प्रधान चंदन सिंह पयाल, व्यापार सभा चाका के महामंत्री शेर सिंह पयाल, सामाजिक कार्यकर्ता अमर सिंह, नरेंद्र सिंह, किरण गैरोला, जगत भारती, मुनेंद्र उनियाल, रविंद्र राज, गिरिजा शंकर, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button