
9.87 लाख पेंशन लाभार्थियों के खातों में पहुंची ₹146.32 करोड़ की पेंशन राशि, मुख्यमंत्री धामी ने किया DBT भुगतान

देहरादून, 8 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भुगतान किया। यह राशि जुलाई 2026 माह की पेंशन के रूप में लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा पेंशन राशि का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का अभिन्न हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिला अथवा दिव्यांगजन को पेंशन प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और पारदर्शी तरीके से उसका अधिकार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थी
जुलाई 2026 में वितरित पेंशन राशि के अंतर्गत—
– वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थियों को ₹92.34 करोड़
– विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थियों को ₹35.54 करोड़
– दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थियों को ₹13.36 करोड़
– किसान पेंशन: 2,288 लाभार्थियों को ₹3.20 करोड़
– परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थियों को ₹99.408 लाख
– भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थियों को ₹51.68 लाख
– तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थियों को ₹26.35 लाख
– बौना पेंशन: 127 लाभार्थियों को ₹1.524 लाख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
सरकार का लक्ष्य है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर, पारदर्शी एवं सम्मानजनक तरीके से सीधे उनके बैंक खातों तक पहुंचाया जाए।



