प्रधान संगठन नरेंद्रनगर ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


खंड विकास अधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। प्रधान संगठन नरेंद्रनगर के अध्यक्ष विनय रणाकोटी के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज खंड विकास अधिकारी, विकासखंड नरेंद्रनगर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया।

प्रधान संगठन ने कहा कि प्रदेश संगठन पिछले लगभग चार माह से लगातार अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहा है, लेकिन अभी तक मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे ग्राम प्रधानों में रोष व्याप्त है।
प्रधान संगठन अध्यक्ष विनय रणाकोटी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। ग्राम प्रधानों पर लगातार जिम्मेदारियां बढ़ रही हैं, वहीं विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन में तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के कारण पंचायतों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से बीबीजी रामजी योजना में ग्राम पंचायतों को आ रही समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति, नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं तकनीकी दिक्कतों के कारण ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
विनय रणाकोटी ने कहा कि यदि प्रदेश नेतृत्व की 10 सूत्रीय मांगों पर सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो नरेंद्रनगर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों से प्रधान एवं ग्रामीण एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधान संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रख रहा है और संगठन को उम्मीद है कि सरकार ग्राम पंचायतों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय करेगी।
ज्ञापन में ग्राम प्रधानों के मानदेय में वृद्धि, बीबीजी रामजी योजना में ऑफलाइन उपस्थिति की व्यवस्था, ग्राम पंचायतों को पर्याप्त अधिकार एवं संसाधन उपलब्ध कराने सहित 10 सूत्रीय मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक में उपस्थित रहे
सत्ये सिंह नेगी, राजेंद्र मन्द्रवाल, सोनी रावत, मुकेश बेडवाल, अनिल असवाल, बबिता नेगी, प्रियंका सुरियाल, दर्शन लाल गैरोला, दिनेश रणाकोटी,मुकेश बिजल्वाण कुसवीर तड़ियाल, प्यार सिंह पुंडीर, सुषमा रावत, मंजू रमोला, मंगेश उनियाल, मंजू रावत, आशीष सहित अन्य ग्राम प्रधान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



