अध्यक्ष विनय रणाकोटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रधानों ने किया प्रदर्शन, कहा—मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को दिया जाएगा और व्यापक रूप

दस सूत्रीय मांगों पर प्रधानों का हल्ला बोल, फकोट ब्लॉक में तालाबंदी; सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
अध्यक्ष विनय रणाकोटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रधानों ने किया प्रदर्शन, कहा—मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को दिया जाएगा और व्यापक रूप
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। ग्राम प्रधानों की दस सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन नरेंद्रनगर ने बुधवार को विकासखंड मुख्यालय फकोट में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के आह्वान पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और सरकार के समक्ष अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आवाज बुलंद की।
प्रधान संगठन नरेंद्रनगर के अध्यक्ष विनय रणाकोटी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रधानों की दस सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन लंबे समय से सरकार के समक्ष अपनी बात रख रहा है। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के चलते अब संगठन ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
तालाबंदी के दौरान प्रधानों ने सरकार से मांग की कि ग्राम पंचायतों के अधिकारों, वित्तीय एवं प्रशासनिक समस्याओं तथा प्रधानों से जुड़े अन्य विषयों पर शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक मुख्यालय पर काफी देर तक नारेबाजी होती रही।
‘अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा’

इस अवसर पर प्रधान संगठन के अध्यक्ष विनय रणाकोटी ने कहा कि ग्राम प्रधान लगातार अपनी समस्याओं और दस सूत्रीय मांगों को सरकार तक पहुंचा रहे हैं। संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रयासरत है, लेकिन यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाने के लिए संगठन बाध्य होगा।
उन्होंने कहा कि “अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। सरकार को प्रधानों की दस सूत्रीय मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय लेना होगा।”
रणाकोटी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायतों को मजबूत किए बिना गांवों के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए प्रधानों के अधिकारों, सम्मान और हितों से जुड़े विषयों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी ग्राम प्रधानों का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में प्रधान रहे मौजूद
तालाबंदी एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रधान संगठन के सचिव राजेंद्र मंदरवाल, प्रदेश सचिव सत्ये सिंह नेगी, अनिल असवाल, प्रियंका सुरियाल, बबीता नेगी, मंगेश उनियाल, बृजलाल बहुगुणा, मंजू रावत, रजनी गुसाईं, पूजा चौहान, देवेंद्र सिंह, संदीप भंडारी, गणेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
प्रधान संगठन ने स्पष्ट किया कि दस सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आगामी रणनीति संगठन की बैठक में तय की जाएगी।



