टिहरी

दस सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन का सीडीओ कार्यालय घेराव

मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पंचायत हित में एकजुट होने का आह्वान

दस सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन का सीडीओ कार्यालय घेराव

मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पंचायत हित में एकजुट होने का आह्वान

 

नई टिहरी, 22 सितंबर 2026।

ग्राम प्रधानों की दस सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन टिहरी गढ़वाल के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे ग्राम प्रधानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर रोष जताया और शासन-प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

 

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रधान संगठन टिहरी गढ़वाल भुवेंद्र रावत ने कहा कि प्रधान संगठन पंचायतों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, टिहरी जनपद के प्रधान उन निर्देशों के अनुरूप अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर संगठन की मांगों के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।

.

वहीं कीर्तिनगर ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला अध्यक्ष वासुदेव भट्ट ने उपस्थित प्रधानों को संगठन की दस सूत्रीय मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के अधिकारों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी प्रधानों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पंचायत हित में एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना समय की आवश्यकता है।

 

नरेंद्रनगर विकासखंड के ब्लॉक अध्यक्ष विनय रणाकोटी ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र ही प्रधानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों और पंचायतों को व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के चलते ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में तकनीकी और व्यवहारिक जटिलताओं के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रधान संगठन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को सरल और व्यावहारिक बनाया जाना चाहिए।

 

विनय रणाकोटी ने कहा कि प्रधान संगठन का आंदोलन अभी संगठन स्तर पर चल रहा है। यदि समय रहते सरकार ने मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में संगठन आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के प्रधान श्रमिकों और ग्रामीणों के साथ देहरादून की सड़कों पर भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

प्रधान संगठन ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचा रहा है। संगठन ने सरकार से मांगों पर शीघ्र वार्ता कर ठोस निर्णय लेने की अपील की, ताकि ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित न हों।

 

प्रधान संगठन ने चेताया कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन के अगले चरण की घोषणा संगठन के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार की जाएगी।

ब्लॉक अध्यक्षों में आंदोलन को संचालन कर रहे थोलधार के ब्लॉक अध्यक्ष  युद्धवीर सिंह रावत, विजय लाल शाह, शिव सिंह चौहान प्रदेश सचिव अनिल असवाल ज़िला संगठन मंत्री राजेंद्र मंन्द्रवाल, विकास कुकरेती, बबीता नेगी दिनेश रणाकोटी, मंजू रावत, उर्मिला पयाल, निर्मला पवार, अमिता देवी, पंकज राणा, संदीप पैन्यूली,अंकिता देवी, भगत सिंह,कृष्ण दत्त सिलस्वाल भारी संख्या में प्रधान मौजूद रहें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button